अफ़ग़ानिस्तान के जिस क्षेत्र में तालेबान और आईएसआईएल के आतंकियों के बीच झड़पें चल रही हैं उसी क्षेत्र में दो अमरीकी ड्रोन हमलों में 49 लोगों के मारे जाने की सूचना है।
अफ़ग़ान अधिकारियों के अनुसार यह ड्रोन हमले पाकिस्तान की सीमा से सटे राज्य नन्गरहार ज़िले के आशीन क्षेत्र में हुए जहां तालेबान और आईएसआईएल के आतंकियों के बीच हाल के दिनों में झड़पों की सूचना आई थी। अफ़ग़ान इंटेलिजेंस एन एस डी के एक प्रवक्ता ने दावा किया है कि अफ़ग़ानिस्तान में आईएसआईएल का नंबर दो की पोज़िशन का कमांडर आशीन क्षेत्र में हुए अमरीकी ड्रोन हमले में मारा गया है। अफ़ग़ानिस्तान में नेटो के एक प्रवक्ता ने ड्रोन हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि अमरीकी सेना ने यह ड्रोन हमले उन लोगों पर किये हैं जो अमरीकी सेना के लिए ख़तरा थे, हालांकि प्रवक्ता ने ड्रोन हमले के बारे में विस्तार से विवरण देने से इंकार कर दिया।
दूसरी ओर अफ़ग़ान अधिकारियों का मानना है कि अफ़ग़ानिस्तान में आईएसआईएल के आतंकवादियों की संख्या बहुत ही सीमित है और अधिकतर वे लोग आईएसआईएल में शामिल हुए हैं जो तालेबान से अलग हो गए हैं।